गन्ना मंत्री सुरेश राणा को 50 से ज्यादा बूथों पर मिलीं कम वोट
शामली। थानाभवन विधानसभा सीट का मुकाबला काफी रोचक रहा। दो बार विधानसभा चुनाव जीतकर गन्ना मंत्री बने सुरेश राणा हैट्रिक से चूक गए। मुस्लिम बहुल बूथों पर सुरेश राणा अपने प्रतिद्वंद्वी गठबंधन प्रत्याशी अशरफ अली से 50 से ज्यादा बूथों पर भारी मतों से पिछड़ गए। इसी कारण विधानसभा का चुनाव 10 हजार से ज्यादा वोट से हार गए।
प्रदेश में भाजपा को दो तिहाई से ज्यादा बहुमत मिलने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व सरकार गठन की तैयारी की जा रही है। वर्ष 2017 में दूसरी बार थानाभवन से विधायक चुने गए भाजपा के सुरेश राणा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गन्ना विभाग देकर स्वतंत्र प्रभार बाद में कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया था। लेकिन इस बार सिर्फ थानाभवन ही नहीं जिले की तीनाें सीटें भाजपा हार गई।
भाजपा के फायर ब्रांड नेता कहे जाने वाले गन्ना मंत्री सुरेश राणा को थानाभवन और जलालाबाद में 50 से ज्यादा बूथों पर गठबंधन प्रत्याशी अशरफ अली से करारी शिकस्त मिली है। जिले की वीआईपी सीट कही जाने वाली थानाभवन में भाजपा प्रत्याशी सुरेश राणा को जलालाबाद कस्बे के दो बूथों पर मात्र एक-एक वोट मिली है। भैंसानी इस्लामपुर के जूनियर हाई स्कूल कमरा नंबर तीन में मात्र छह वोट मिलीं। जबकि दूसरे बूथ पर चार, प्राथमिक विद्यालय दो कमरा नंबर तीन में 11, भैसानी गांव के जूनियर हाईस्कूल के कमरा नंबर दो में 25 और जलालाबाद के नेशनल इंटर कॉलेज के कमरा नंबर दो में मात्र 15 मत मिले।
इसी प्रकार जलालाबाद के प्राथमिक पाठशाला कमरा नंबर दो में 22 और गुरु नानक इंटर कॉलेज के कमरा नंबर एक में 33 वोट मिली हैं। किशोरपुर के प्राथमिक पाठशाला के कमरा नंबर 86, मसावी गांव के एक बूथ पर 28 वोट मिली हैं। बूंटा, गुराना, गढ़ीपुख्ता, गुर्जरपुर, टपराना, मुंडेट खादर, सिलावर, सोंता रसूलपुर बंतीखेडा, अहमदपुर, सोंहजनी, किशोरपुर, हसनपुर लुहारी, भैसानी इस्लामपुर, मसावी के बूथों पर भारी मतों से पिछड़ कर हार का सामना किया। भाजपा प्रत्याशी सुरेश राणा का कहना है कि सालों से विकास में उपेक्षित थानाभवन विधानसभा सीट पर विधायक और मंत्री बनने के बाद 3200 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए हैं। आम जनता ने विकास भूल कर जातिगत आधार पर वोट दिए हैं।
गठबंधन प्रत्याशी को जमालपुर गांव में मिले सिर्फ पांच वोट
शामली। रालोद गठबंधन प्रत्याशी अशरफ अली को दो दर्जन से ज्यादा गांवों में भाजपा प्रत्याशी सुरेश राणा के मुकाबले बहुत कम वोट मिलीं।
अशरफ अली को जमालपुर में पांच वोट मिलीं हैं। हरड़ फतेहपुर में 39, नौजली में 96, हथछोया में 81, जाफरपुर 87, फूसगढ़ में 84, और फूसगढ़ के दूसरे बूथ पर 57, नेडा उद्दा 28, मानकपुर 26, गौसगढ़ 82, गौसगढ़ के दूसरे बूथ पर 95, जमालपुर पांच और मुल्लापुर 89 वोट मिले हैं।