विद्यार्थियों को अब स्टेशनरी के मिलेंगे 100 रुपये
शामली। बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित विद्यालयों में इस बार यूनिफार्म के साथ स्टेशनरी के लिए अलग से 100 रुपये अनुदान के रूप में मिलेंगे। जिले में पढ़ने वाले करीब 86 हजार 500 विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा।
कक्षा एक से आठ तक के परिषदीय विद्यालयों में यूनिफार्म, जूता, मौजा, स्वेटर के लिए 1100 रुपये डीबीटी से प्रत्येक विद्यार्थी के अभिभावकों के खाते में भेजे जाते हैं। विद्यालयों में डीबीटी का डाटा फीड करने का कार्य चल रहा है। आधे से अधिक डाटा फीडिंग का काम पूरा हो चुका है। शासन विद्यालयों में ने बेहतर पठन पाठन और छात्रों के नामांकन के लिए अनेक योजनाएं चला रहा है। इस बार शासन ने यूनिफार्म के दिए जाने वाले 1100 रुपये से बढ़ाकर 1200 रुपये दिए जाने का निर्णय लिया है। इसमें 100 रुपये विद्यार्थी को स्टेशनरी के लिए दिए जाएंगे। स्टेशनरी में विद्यार्थी को चार कॉपी, दो पेंसिल, दो पेन, दो रबर और दो शार्पनर खरीदना होगा। अभी तक विद्यार्थियों को कॉपी पेंसिल के लिए अभिभावकों को पैसा खर्च करना पड़ता था। अब स्टेशनरी का पैसा डीबीटी के माध्यम से अभिभावकों के खाते में भेजा जाएगा। इस संबंध में जिला समन्वयक समग्र शिक्षा अमित कुमार ने बताया कि उन्हें यूनिफार्म के साथ स्टेशनरी के लिए 100 रुपये शासन स्तर से भेजे जाने की जानकारी मिली है, लेकिन अभी लिखित में इस तरह का कोई आदेश नहीं मिला है।