चौसाना। ईरान–इस्राइल के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात के बीच चौसाना क्षेत्र के गांव बिडौली सादात की दो छात्राएं अभी भी ईरान में फंसी हुई हैं। हालात बिगड़ने से छात्राओं में दहशत का माहौल है और परिजन उन्हें फोन पर हिम्मत बंधा रहे हैं।
गांव बिडौली सादात निवासी मेहर जेहरा पुत्री समर रजा और सदफ जेहरा पुत्री आजाद हुसैन 19 नवंबर को पढ़ाई के लिए ईरान गई थीं। छात्राओं ने फोन पर बताया कि लगातार डर के माहौल में रहना पड़ रहा है। दिन-रात चिंता बनी रहती है कि कब अगली मिसाइल गिर जाए। भय के कारण उन्हें ठीक से नींद भी नहीं आ पा रही है और वे सुरक्षित भारत लौटने को लेकर परेशान हैं। यह सुनकर परिवार के लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
मेहर जेहरा के पिता समर रजा ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी को फोन पर हिम्मत बंधाई है और भरोसा दिलाया है कि सब ठीक हो जाएगा तथा भारत सरकार उन्हें जल्द वापस बुला लेगी। उन्होंने कहा कि परिवार के लोग लगातार उनकी सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले क्षेत्रीय लेखपाल छात्राओं की जानकारी लेने गांव आए थे, लेकिन उसके बाद से न तो कोई फोन आया है और न ही किसी प्रकार की सूचना मिली है।