बाबरी क्षेत्र के गांव बुटराड़ा में मृतक युवक के घर पर घटना की जानकारी लेने पहुंचे लोग।
- फोटो : SHAMLI
बाबरी (शामली)। क्षेत्र के गांव बुटराड़ा निवासी 23 वर्षीय बीएएमएस के छात्र के शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। छात्र की गुरुग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। छात्र की हत्या को लेकर गांव में दूसरे दिन भी गम का माहौल बना रहा।
मृतक छात्र विनीत गौतम गुरुग्राम में एक यूनिवर्सिटी से बीएएमएस की चौथे वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। शुक्रवार को अन्य छात्र ने पेट में गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल छात्र विनीत गौतम को इलाज के लिए अस्पताल में ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। यह सूचना मिलते ही परिजन गुरुग्राम के लिए रवाना हो गए थे। शनिवार को छात्र का शव पोस्टमार्टम के बाद पैतृक गांव बुटराड़ा में शाम करीब पांच बजे पहुंचा। शव को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।
छात्र की हत्या को लेकर गांव में शोक छाया रहा। इसके बाद गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया गया। मृतक छात्र के छोटे भाई वरुण ने चिता को मुखाग्नि दी। पूर्व विधायक राव अब्दुल वारिस, ग्राम प्रधान बिल्लु, शामली ब्लाक प्रमुख जयदेव मलिक आदि लोगों ने छात्र की हत्या पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया।