कांधला। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के 39वें वार्षिक क्रीड़ा समारोह का रंगारंग कार्यक्रमों के बीच समापन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों ने प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
महाविद्यालय में आयोजित समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि वर्षा तोमर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी (शूटिंग) भारतीय सेना और विशिष्ठ अतिथि अप्सरा चौधरी अंतरराष्ट्रीय शूटिंग खिलाड़ी ने किया। मौके पर 4000 मीटर रिले दौड़ हुई। जिसमें आउटडोर प्रतियोगिताओं में अधिकतम प्राप्तांक के आधार पर निर्णायक मंडल द्वारा इस वर्ष की महाविद्यालय की वार्षिक चैंपियनशिप का निर्धारण किया गया। सबसे अधिक 15 अंक प्राप्त करने वाली बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा नेहा सैनी को इस वर्ष का कप्तान घोषित किया गया। बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा शालू सैनी 12 अंक प्राप्त कर उप कप्तान बनी। समापन समारोह में विशिष्ठ अतिथि अप्सरा चौधरी ने छात्राओं को खेल के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या प्रमोद कुमारी ने विजेता छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। क्रीड़ा प्रभारी डॉ. प्रदीप कुमार, समाजसेवी विष्णु प्रकाश अग्रवाल, नरेश सैनी, दिनेश गुप्ता, डॉ. विशाल कुमार, ब्रिजेश राठी, विजेंद्र सिंह, सुनील कुमार, अंशु सिंह उपस्थित रहे। संचालन डा. रामायण राम ने किया।