झिंझाना थाने पर समाधान दिवस में शिकायत सुनते डीएम एसपी
- फोटो : SHAMLI
अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई हो : एडीजी
शामली, थानाभवन/कैराना। एडीजी मेरठ जोन राजीव सभरवाल ने शनिवार को थाना थानाभवन में आयोजित थाना दिवस का निरीक्षण किया गया। साथ ही लोगों के समस्याओं को स्वयं सुनकर शीघ्र निस्तारण के लिए निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अपराधियों पर पुलिस त्वरित कार्रवाई करे। महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से निस्तारित करें। मिशन शक्ति डेस्क पर पहुंच महिला संबंधित अपराधों पर कार्रवाई की जानकारी ली। महिला दरोगा व कांस्टेबल की प्रशंसा की। उसके पश्चात कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण किया तथा कंप्यूटर कक्ष ऑपरेटर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थाना दिवस में यारपुर निवासी श्याम सिंह ने थाना दिवस में प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया कि उसके पड़ोसी ने उनकी ही जमीन में ट्यूबवेल लगा लिया है। एडीजी ने प्रार्थना पत्र पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना दिवस में थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा तथा सभी लेखपाल मौजूद रहे। उधर, कैराना में शनिवार को कोतवाली में अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जमीनी विवादों, लेनदेन से आपसी झगड़ों से संबधित कुल छह शिकायतें आईं। जिनमें से दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया। एएसपी ने समस्त पुलिसकर्मियों को जल्द से जल्द शिकायतों का निस्तारण करने की हिदायत दी।