शामली : कैराना कोतवाल को अपनी शादी के लिए प्रार्थना पत्र देता अजीम मंसूरी।
- फोटो : SHAMLI
कैराना (शामली)। ढाई फीट कद वाले 28 साल के अजीम मंसूरी ने कोतवाली में पहुंचकर पुलिस से शादी कराने की गुहार लगाई। कहा कि सर आप पुलिस की हूटर वाली गाड़ी बुला लो और मेरे साथ घर पर चलो। मेरे अब्बू-अम्मी से मेरी शादी कराने के लिए सिफारिश कर दो। आपका यह अहसान मैं जिंदगी भर नहीं भूलूंगा।
कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान को शिकायती पत्र देते हुए अजीम ने बताया कि पिछले साल नौ मार्च को उसके माता-पिता ने उसके कद की हापुड़ निवासी बुशरा नाम की लड़की से उसका रिश्ता पक्का कर दिया था। सगाई को हुए एक साल से अधिक समय हो गया, लेकिन उसकी शादी नहीं कराई गई।
बताया गया कि उसकी होने वाली पत्नी बुशरा के माता-पिता निकाह के लिए तैयार हैं, लेकिन उसके माता-पिता कहते हैं कि उसके दो और भाइयों के निकाह के साथ ही उसका भी निकाह करेंगे। अजीम ने कहा कि मेरे माता-पिता को निर्देशित किया जाए कि वह मेरा निकाह दो दिन के अंदर करा दें। मामले में कोतवाली प्रभारी का कहना हैं कि अजीम उनके पास आया था। तहरीर ले ली गई है। उसके परिवार से बात करके शादी कराने का प्रयास किया जाएगा।