शामली। शहर कोतवाली पुलिस द्वारा एक माह पहले अधिवक्ता के घर में चोरी करने वाले दो आरोपियों को 48 घंटे के रिमांड पर लाकर पूछताछ की। पुलिस ने एक आरोपी की निशानदेही पर चांदी के सिक्के, पाजेब और अधिवक्ता का हेलमेट बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने रिमांड अवधि पूरी होने पर दोनों आरोपियों को सहारनपुर जिला कारागार में भेज दिया है।
शहर के मोहल्ला विकास नगर में पांच नवंबर को अधिवक्ता राजकुमार सिंह चौहान के घर का दिन में ही ताला तोड़कर चोरी कर ली थी। सहारनपुर की नई मंडी थाना पुलिस ने 18 नवंबर को दो आरोपी इरशाद उर्फ लड्डू निवासी किदवई नगर थाना खालापार जनपद मुजफ्फरनगर व अंकुर उर्फ पंकज निवासी नसौली उर्फ बासौली थाना रमाला जनपद बागपत को गिरफ्तार कर लिया था। कोतवाली पुलिस ने न्यायालय की अनुमति लेकर दोनों आरोपियों को मंगलवार दोपहर से 48 घंटे के रिमांड पर लाकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक बुधवार को इरशाद उर्फ लड्डू की निशानदेही पर नौ सिक्के व एक जोड़ी पाजेब उसके घर से और अंकुर की निशानदेही पर एक जोड़ी पाजेब, 10 सिक्के और आठ हजार रुपये उसके गांव में कोल्हू से बरामद किए।
पुलिस के अनुसार आरोपी इरशाद उत्तराखंड के जिला हरिद्वार के भगवान में अपनी ससुराल में रह रहा था। वहां से उसकी निशानदेही पर अधिवक्ता का हेलमेट और चांदी के नौ सिक्के और बरामद किए हैं। पुलिस ने रिमांड अवधि पूरी होने पर दोनों आरोपियों को जिला कारागार सहारनपुर में दाखिल कर दिया है।