शामली। गांव लिलौन स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज लिलौन में अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता कार्यक्रम के तहत छात्राओं को महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में पीएचसी नानूपुरा प्रभारी डॉ. भावना ने कहा कि किशोरावस्था जीवन का महत्वपूर्ण चरण है। इस दौरान शरीर में कई प्रकार के परिवर्तन होते हैं, जिनके बारे में सही जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं में होने वाली सामान्य बीमारियों, एनीमिया, संक्रमण, हार्मोन संबंधी समस्याओं तथा मासिक धर्म के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसे लेकर किसी प्रकार का संकोच नहीं होना चाहिए। इस दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए और समय-समय पर सेनेटरी पैड बदलने की आदत अपनानी चाहिए।
उन्होंने छात्राओं को संतुलित एवं पौष्टिक भोजन, हरी सब्जियां, फल, दूध तथा आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन पर जोर दिया। साथ ही नियमित व्यायाम, योग, पर्याप्त नींद और स्वच्छ दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या लंबे समय तक बनी रहती है तो बिना झिझक चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान छात्रा सोनिया, अमीषा, कविता आदि ने महिला स्वास्थ्य, पोषण और मासिक धर्म से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। प्रधानाचार्य अमित चौरसिया ने अमर उजाला फाउंडेशन का आभार जताते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्राओं से कार्यक्रम में मिली जानकारी को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा अन्य बालिकाओं को भी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शिक्षिका पूजा मलिक, दीपा, पूजा आदि मौजूद रही।