एसओजी और कोतवाली पुलिस के साथ मुठभेड़ में छह दिन पहले पानीपत के धागा व्यापारी ललित जैन के मुनीम अनिल नरवाल से 32 लाख रुपये की लूट करने के आरोपी दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं। उनके कब्जे से वैगन आर कार, दस लाख रुपये, तमंचे व कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने घटना की साजिश में अन्य तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
हरियाणा के पानीपत स्थित शंकर सपनटैक्स के मुनीम अनिल नरवाल निवासी कहलपा थाना बरोदा जिला सोनीपत हरियाणा चालक सतनाम सिंह निवासी पानीपत के साथ मंगलवार को कार से मेरठ गए थे।। करीब 32 लाख रुपये का कलेक्शन करके मेरठ से शाम को पानीपत लौट रहे थे। शहर कोतवाली क्षेत्र में सिंभालका बाईपास पर बुलेरो व वैगन आर कार सवार चार बदमाशों ने खुद को जीएसटी अधिकारी बताकर 32 लाख रुपये से भरा बैग, मुनीम का मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड लूटकर भाग गए थे।
एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि रविवार शाम को सूचना के आधार पर एसओजीऔर कोतवाली पुलिस ने बलवा बाईपास चौराहे के पास बदमाशों की घेराबंदी की तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं। घायल बदमाशों के नाम मोहित और शुभम उर्फ गौरव निवासी गांव बेहड़ापुर थाना चांदीनगर जिला बागपत है।
घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। एसपी ने बताया बदमाशों पर पूर्व में हत्या के प्रयास, लूट आदि के कई मुकदमे दर्ज हैं। इस घटना की साजिश में शामिल अन्य तीन आरोपी अमरदीप, रवि और गुलशन निवासी गाजियाबाद को भी गिरफ्तार किया है। इनमें दो लोग घटना में शामिल कार के मालिक हैं। बदमाशों के कब्जे से मिली वैगन आर कार में कई फर्जी नंबर प्लेट मिली हैं। कार पर जो नंबर लिखा है वह बाइक का पाया गया है। इस घटना में शामिल अन्य बदमाशों और बुलेरो गाड़ी की तलाश की जा रही है।