कांधला में मुठभेड़ में घायल बदमाश इनाम धुरी। स्रोत पुलिस
कांधला थानाक्षेत्र में खंदरावली के पास रविवार रात पुलिस मुठभेड़ में कैराना निवासी इनाम धुरी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उस पर डीआईजी स्तर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक इनाम धुरी मुकीम काला गिरोह का सदस्य है और उस पर हत्या, रंगदारी, लूट, गैंगस्टर आदि के 40 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस ने उसके कब्जे से पिस्टल, कारतूस, मोबाइल फोन व बिना नंबर की बाइक बरामद की है।
एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि रविवार देर शाम चेकिंग के दौरान बिना नंबर की बाइक पर सवार संदिग्ध व्यक्ति को देखकर पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह तेजी से भाग निकला। पुलिस ने पीछा किया तो बाइक सवार ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बाइक सवार पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। घायल ने अपना नाम नाम कस्बा कैराना के मोहल्ला आर्यपुरी निवासी इनाम धुरी बताया। इनाम धुरी मुकीम काला गिरोह का सक्रिय सदस्य था। डीआईजी द्वारा 50 हजार रुपये का इनामी घोषित था।
एएसपी के मुताबिक इनाम धुरी पर हत्या, लूट व रंगदारी आदि के 40 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनाम धुरी कैराना थाने से जानलेवा हमले के मामले में वांछित चल रहा था। मुठभेड़ के दौरान उसके कब्जे से 32 बोर की पिस्टल, बिना नंबर की बाइक, चार कारतूस, एक खोखा और मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
आठ माह पहले इनाम धुरी की छह करोड़ की संपत्ति हुई थी कुर्क
मोहल्ला आलकलां निवासी और हाल निवासी आर्यपुरी इनाम धुरी के खिलाफ आपराधिक गतिविधियों के चलते 30 अगस्त 2025 को तत्कालीन कोतवाली प्रभारी ने गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में चार दिसंबर 2025 को जिला मजिस्ट्रेट शामली के आदेश पर पुलिस और प्रशासन ने इनाम धुरी की करीब छह करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली थी।
मोहल्ला आलकलां स्थित इनाम धुरी की आठ दुकानों, आर्यपुरी स्थित एक मकान और गुलशन नगर में एक प्लॉट को कुर्क किया था। इसके अलावा इनाम धुरी की पत्नी के बैंक खातों को भी कुर्क किया गया था। जेल से जमानत पर आने के बाद वार्ड 11 के सभासद रईस अहमद पर जानलेवा हमला किया था। इस मामले में कोतवाली कैराना में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
मोबाइल फोन से इनाम धुरी के संपर्कों का होगा खुलासा
एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि इनाम धुरी के पास मिले मोबाइल फोन की जांच कराई जाएगी। मोबाइल फोन को खंगाला जाएगा। इससे उसके संपर्क में रहने वाले बदमाशों व अन्य लोगों की जानकारी हो सकेगी। उसके संपर्क में रहने वाले बदमाशों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी देखें...
कांवड़ यात्रा: मेरठ से हरिद्वार का रूट बदला, 11 अगस्त तक देहरादून होकर जाएंगी रोडवेज बसें, इतना बढ़ा किराया