शामली। कांधला थानाक्षेत्र के गांव मीमला निवासी पूर्व प्रधान सत्यपाल सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह वे शामली आए थे। उन्होंने वर्मा मार्केट स्थित ग्रामीण बैंक से अपने खाते से 30 हजार रुपये निकाले और कुर्ते की ऊपर की जेब में रख लिए।
इसके बाद वह पैदल ही घर जाने के लिए अजंता चौक के निकट रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंचे। पीड़ित के मुताबिक करीब साढ़े 10 बजे बस स्टैंड के बाहर वे अनुबंधित मिनी बस में चढ़ रहे थे, उसी समय दो युवक पीछे और एक युवक आगे खिड़की में खड़ा हो गया। इसी दौरान उसकी जेब से 30 हजार रुपये निकाल लिए। इसका पता चलते ही उसने आरोपी युवकों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वे मौके से भाग गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश की।
पुलिस बस स्टैंड के आसपास दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। जांच अधिकारी धर्मेंद्र गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद