शामली। अपर दोआब चीनी मिल शामली ने मिल बंदी का दूसरा नोटिस जारी कर दिया। बुधवार को शामली चीनी मिल आठ घंटे नो केन में बंद रही है। साढ़े तीन बजे के बाद गन्ना इकट्ठा करने के बाद मिल को चालू किया गया। एक मई की देर रात्रि तक शामली चीनी मिल 85 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई करके बंद हो जाएगी। बुधवार को कुड़ाना और झाल खरीद केंद्रों को छोड़कर सभी 21 खरीद केंद्र बंद हो गए हैं।
शामली मिल के गन्ना महाप्रबंधक सतीश बालियान ने बताया कि शामली मिल 84 लाख 75 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई कर चुकी है। बुधवार को सुबह आठ बजे से लेकर तीन बजे तक शामली मिल गन्ने के अभाव में बंद रही। साढ़े तीन बजे के बाद मिल को चालू किया गया। बीस हजार क्विंटल गन्ना बुधवार को मिलने की संभावना है। बंदी का दूसरा नोटिस शामली मिल की ओर से डीसीओ शामली को जारी कर दिया गया है। एक मई की देर रात्रि तक अपना पेराई सत्र समाप्त करके मिल बंद हो जाएगी।