उत्तर प्रदेश के शामली में कैराना थानाक्षेत्र में सोमवार देर रात बकरी चोरी करने आए चोरों ने एक अधेड़ को अपनी कार से कुचल दिया। व्यक्ति की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार कैराना के मोहल्ला अफगानान में सोमवार रात बकरी चोरों ने अधेड़ को अपनी कार से कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। रात करीब ढाई बजे सेंट्रो सवार बकरी चोरों को पकड़ने के प्रयास में राशिद (50) चोरों से भिड गया।
चोरों ने राशिद को अपनी सेंट्रो कार के आगे धक्का दे दिया और कार लेकर भागने लगे। कार के अगले पहिए के नीचे कुचलने से राशिद गंभीर रूप से घायल हो गया। भागने के दौरान चोरों की कार गली के मोड़ पर दीवार से टकरा गई। जिससे बाद तीन आरोपी अपनी कार को छोड़कर भाग निकले।
मोहल्ले वालों ने घायल को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे शामली रेफर कर दिया। शामली अस्पताल में घायल राशिद को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया और कार को कब्जे में ले लिया। कार के अंदर चोरी की तीन बकरी भी थी। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश में जुट गई है।