शामली। मतदान ड्यूटी से सात माइक्रो आब्जर्वर नदारद रहे। सीडीओ यशु रुस्तगी के निर्देश पर शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मतदान के दौरान ड्यूटी कटवाने के लिए सरकारी कर्मचारियों की होड़ मची रही।
मेडिकल जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर 25 कर्मचारियों की ड्यूटी काटी गई है। विधानसभा चुनाव के लिए जिले भर में 318 माइक्रो आब्जर्वर लगाए गए थे। पोलिंग पार्टी रवाना होते समय गणना के दौरान सात माइक्रो आब्जर्वर गैर हाजिर पाए गए। सीडीओ के निर्देश पर जिला विकास अधिकारी बलराम कुमार ने ड्यूटी से गैैर हाजिर रहे माइक्रो आब्जर्वरों के विरुद्ध तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि मतदानकर्मी ड्यूटी कटवाने के लिए सुबह से लेकर दोपहर तक सीडीओ के समक्ष पेश हुए। मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद विकलांग, बीमार, गर्भवती, डबल ड्यूटी 25 कर्मचारियों की ड्यूटी काटी गई। उन्होंने बताया कि सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट ड्यूटी से नदारद रहने वाले मतदान कार्मियों की रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। शनिवार को इनके विरुद्ध भी रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
बिना ड्रोन के होगा विधानसभा चुनाव
जिला प्रशासन को विधानसभा चुनाव में ड्रोन नहीं मिल पाए हैं। डीआईजी ने जिले में भ्रमण के दौरान बारह ड्रोन की व्यवस्था किए जाने की घोषणा की थी। जिले को मतदान की पूर्व संध्या तक एक भी ड्रोन नहीं मिल पाया है। पुलिस को तीस कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स के स्थान पर 25 कंपनी पैरामिलिट्री मिल पाई है। निरीक्षक, उपनिरीक्षक, हैड कांस्टेबल मांग के अनुरूप नहीं मिल पाए हैं।