शामली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सोमवार को होने वाली सभा की तैयारियां पूरी कर ली गई है। प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा, भाजपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने मंडलायुक्त डाक्टर लोकेश एम. समेत जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जायजा लिया। मुख्यमंत्री की सभा के लिए 25 हजार लोगों के बैठने व्यवस्था की गई है।
रविवार दोपहर 12 बजे मंडलायुक्त ने कैराना पब्लिक इंटर कालेज में बनाए जा रहे हेलीपैड, विजय पथिक महाविद्यालय में सभास्थल, कैराना कस्बे में पलायन से लौटे व्यापारियों के घर जाने वाले मार्गों का निरीक्षण किया। प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा, भाजपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह, भाजपा नेता अनिल चौहान मौजूद रहे। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की ड्यूटी के रुप में तैनात तीन एडीएम, चार एसडीएम व पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के जवान पहुंच गए हैं। ड्यूटी पर आए प्रशासनिक अफसरों को ब्रीफिंग कर दी गई।
---------------------------
विधायक ने की थी पैरवी
शामली। मुख्यमंत्री की जिले में पीएसी कैंप व फायरिंग रेंज की स्थापना की आधार शिला की सौगात देंगे। भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने पीएसी कैंप व फायरिंग रेंज की स्थापना की पैरवी की थी। इस बाबत गत 30 अगस्त 2017 को सीएम को पत्र लिखकर कैराना की गुंडागर्दी पर अंकुश लगाने के लिए कैराना व कांधला के बीच पीएसी कैंप व फायरिंग रेंज की स्थापना की मांग उठाई थी। कैराना लोकसभा के उपचुनाव 2018 में शामली के राष्ट्रीय किसान इंटर कालेज में चुनावी सभा में जिले में पीएसी कैंप व फायरिंग रेंज की स्थापना की घोषणा की थी। विधायक की पैरवी के बाद मुख्यमंत्री सोमवार को कैराना क्षेत्र के ऊंचा गांव में पीएसी कैंप और गुर्जरपुर में फायरिंग रेंज की स्थापना की आधार शिला रखेंगे।
--------------------
कैराना में सीएम का विरोध किया जाएगा : मैनपाल चौहान
कैराना। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कैराना के विजय सिंह पथिक महाविद्यालय में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं भारतीय गुर्जर स्वाभिमान सभा मुख्यमंत्री के सदस्य मैनपाल चौहान ने कहा कि वह भाकियू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी है। 22 सितंबर को दादरी में राजा मिहिर भोज कर प्रतिमा के आगे से गुर्जर शब्द हटा कर उनकी बिरादरी का अपमान किया गया है। वह अपने साथियो के साथ रणनीति बना कर तीन कृषि कानूनों के विरोध व गर्जर समाज के अपमान के विरोध स्वरूप मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का विरोध करेंगे। दूसरी ओर, भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप पंवार ने बताया कि उनको इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। यह उनका अपना निर्णय हो सकता है।
यह है मुख्यमंत्री का मिनट टू मिनट कार्यक्रम
11:20 बजे राजकीय वायुयान से सहारनपुर के सरसावा एयरपोर्ट आगमन
11:25 बजे कैराना के लिए हेलीकॉप्टर से प्रस्थान करेंगे
11:50 बजे कैराना के पब्लिक इंटर कॉलेज के हेलीपैड पर आगमन
12:00 बजे कैराना कस्बे में पलायन करके लौटे परिवार से भेंट करेंगे
12:40 बजे कार्यक्रम स्थल के लिए प्रस्थान करेंगे
12:45 बजे पीएसी भवन का शिलान्यास व विभिन्न योजनाओं के पात्रों को लाभान्वित करेंगे।
01:50 बजे रामपुर के लिए हेलीकॉप्टर से प्रस्थान करेंगे।