मिड डे मील की गुणवत्ता सही न मिलने पर एसडीएम ने जताई नाराजगी
कैराना। एसडीएम ने तहसील क्षेत्र के गांव जहानपुरा एवं गंगेरू में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों ही गांव के प्राथमिक विद्यालयों में बना मिड डे मील भोजन का स्वाद सही नहीं मिलने पर नाराजगी जतायी। गांव की गलियों के साथ ही स्कूल में गंदगी मिलने पर ग्राम प्रधानों और सचिव को नोटिस जारी किए।
बुधवार को एसडीएम मणि अरोरा जहानपुरा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय एक में पहुंचे। यहां पर उन्होंने मिड डे मील में बनी ताहरी का स्वाद चखा। ताहरी में केवल आलू ही डाले गए थे जबकि बच्चों में प्रोटीन की पूर्ति करने के लिए सोयाबीन नहीं डाला गया था। एसडीएम ने मिड डे मील के स्वाद एवं गुणवत्ता पर कड़ी नाराजगी जताई। इसके साथ ही विद्यालय में सफाई एवं शौचालय भी गंदे मिले। स्कूल गेट के आगे जलभराव एवं गांव में गंदगी पर संज्ञान लिया।
शिकायत पर राशन डीलर की दुकान का निरीक्षण करते हुए उसे कार्य में पारदर्शिता लाने के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीएम ने गंगेरू स्थित प्राथमिक विद्यालय दो व पूर्व माध्यमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। यहां पर भी मिड डे मील बेस्वाद मिलने पर सुधार लाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने दोनों गांवो में बच्चों से भी सवाल जवाब किए तथा शिक्षा में सुधार लाने को कहा। इसके अलावा गांव में सफाई भी नहीं मिली। एसडीएम मणि अरोरा ने बताया कि स्कूलों में बने मिड डे मील की ताहरी में मोटे चावल के साथ केवल आलू ही डाले गये थे जबकि बच्चों में प्रोटीन की कमी दूर करने के लिए सोयाबीन का इस्तेमाल जरूरी है। दोनों ही गांवों के प्रधानपति मौके पर मिले थे। गांव में गंदगी मिलने पर ग्राम प्रधानों और सचिव को को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए है।