कैराना सीएचसी पर गर्भवती महिलाओं की जांच करती डाक्टर।
- फोटो : SHAMLI
जिले में 785 गर्भवती महिलाओं की जांच की
शामली/कैराना। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत जिले में सभी छह सीएचसी पर 785 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई, जिनमें 19 महिलाओं को हाई रिस्क प्रेगनेंसी के लिए चिह्नित किया गया है।
सोमवार को जिले में सीएचसी शामली, कैराना, थानाभवन, ऊन, कुड़ाना और कांधला में गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। जिला कार्यक्रम प्रबंधक आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि सभी सीएचसी पर 785 महिलाओं की जांच की गई, जिनमें 19 महिलाओं को हाई रिक्स प्रेगनेंसी के लिए चिह्नित किया गया। इसके अलावा 252 लोगों के अल्ट्रासाउंड कराए गए और 117 लोगों को आयरन दिया गया और दो महिलाओं को रक्त चढ़ाया गया। सीएचसी शामली पर महिला चिकित्सक डॉ. मंजीत कौर के अवकाश पर होने के कारण नर्सिंग ऑफिसर एंजलीना ने महिलाओं की जांच कर उपचार किया।
कैराना में सोमवार को सीएचसी पर आयोजित कैंप में महिला चिकित्सक मीनाक्षी ने 168 गर्भवती महिलाओं में हीमोग्लोबिन, रक्त, शुगर, ब्लड प्रेशर, वजन और अन्य सामान्य जांच की। इसके साथ ही जांच कराने आई महिलाओं की कोरोना संक्रमण की जांच भी की गई। ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक अतुल गर्ग ने बताया कि 14 महिलाएं उच्च जोखिम वाली मिली, जिनको आयरन के इंजेक्शन लगाए गए। उन्होंने बताया कि पहली बार में गर्भवती हुई महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत पांच हजार रुपये दिए जाते हैं। ऐसी महिलाओं के फॉर्म भरकर खाते खोले गए।