गांव हाथी करौदा में ग्रामीणों को संबोधित करते डाॅ. सुधीर पंवार।
- फोटो : amar ujala
शामली। उत्तर प्रदेश योजना आयोग के सदस्य डाक्टर सुधीर पंवार ने कहा कि जल संरक्षण के लिए जनसहयोग महत्वपूर्ण है। इसीलिए जितना जरूरी हो, उतना ही पानी इस्तेमाल करें। पानी बचाएं, तो जिंदगी बचेगी।
बृहस्पतिवार को गांव हाथी करौदा में श्यामपाल सिंह के आवास पर ग्रामीणों की मीटिंग हुई। मीटिंग की अध्यक्षता सतपाल मुखिया और संचालन बीरेशपाल ने किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश योजना आयोग के सदस्य डाक्टर सुधीर पंवार के समक्ष ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में जलभराव की समस्या रहती है।
बरसात के दिनों में गांव की सड़कें पानी से लबालब हो जाती हैं। मुख्य रास्ता भी खराब है। साथ ही ग्रामीणों ने कहा कि गांव के चारों तरफ सीसी रोड से रिंग रोड बनवाई जाए, जिससे काफी लाभ होगा। इसके बाद डाक्टर सुधीर पंवार ने कहा कि उनकी समस्याओं के संबंध में अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा तथा समाधान कराने का प्रयास करेंगे।
इसी दौरान उन्होंने ग्रामीणों से अपील कर कहा कि जीवन के लिए पानी बेहद जरूरी है। पानी की बचत करें, बेवजह पानी बर्बाद न होने दें। किसानों से आह्वान किया कि कृषि की प्राचीन पद्धति को छोड़कर वैज्ञानिक विधि से कृषि करें, ताकि अच्छा मुनाफा कमाया जा सके। इसके अलावा उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर जोर देने का आह्वान किया। इस दौरान ब्लाक प्रमुख पति जयदेव मलिक, भाजपा नेता हरवीर मलिक, ग्राम प्रधान सरवीर मलिक, बीडीओ प्रवीण कुमार, हरेंद्र सिंह, ईंट भट्टा व्यवसायी भूपेंद्र मलिक और सियाराम चौधरी मौजूद रहे।