हॉटस्पॉट इलाके को दमकल की गाड़ी से किया सैनिटाइज
शामली। शहर के हॉटस्पॉट सील किए गए तिमरसा नानुपूरा पर प्रशासन का पूरा फोकस बना हुआ है। यहां पर जमाती के संपर्क में आने वाले तीन केस पॉजिटिव आने के बाद यहां पर कोरोना वायरस संक्रमण फैलने से रोकने के लिए दमकल की गाड़ी से सैनिटाइज किया गया।
शामली के तिमरसा नानुपूरा इलाके में असम का जमाती कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद हॉटस्पॉट चिन्हित करते हुए सील किया गया है। इसके बाद जमाती के संपर्क में आने वाले तीन लोगों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने से पुलिस-प्रशासन का पूरा फोकस इसी इलाके पर बना हुआ है। यहां पर कोरोना वायरस संक्रमण रोकने से लेकर लोगों की जांच स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही है। सोमवार को दमकल विभाग की गाड़ी से पूरे इलाके को सैनिटाइज किया गया। इस इलाके में रहने वाले लोगों की मदद के लिए जिम्मेदार बनाए गए आसिफ मंसूरी ने बताया कि कोरोना वायरस फैलने से रोकने के लिए मोहल्लेवासी पूरा सहयोग कर रहे है। उधर, आईआईए के चेयरमैन अशोक मित्तल ने बताया कि दमकल विभाग द्वारा बड़ी गाड़ी से सीएफओ दीपक शर्मा के निर्देशन में कैराना रोड स्थित कंडेला इंडस्ट्रीयल एरिया में करीब 150 फैक्टरियों को सैनिटाइज किया गया। इस दौरान मुख्य सड़कों, रास्तों और उद्योगों के मुख्य द्वारों को भी सैनिटाइज किया गया।