शामली में गैंगस्टर के मुकदमे में समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक नाहिद हसन को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। छह फरवरी 2021 में विधायक नाहिद हसन और उनकी माता तबस्सुम हसन सहित 40 के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया गया था।
गैंगस्टर के मुकदमे में वांछित चल रहे सपा विधायक और कैराना विधानसभा सपा प्रत्याशी नाहिद हसन को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने विधायक को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया हैं। छह फरवरी, 2021 को पुलिस प्रशासन ने सपा विधायक नाहिद हसन व उनकी माता पूर्व सांसद तबस्सुम हसन सहित 40 लोगों पर गैंगस्टर एक्ट लगाई थी। दो दिन पहले सपा-रालोद गठबंधन की ओर से कैराना विधानसभा पर नाहिद हसन को अपना प्रत्याशी घोषित किया था। शुक्रवार को उनका नामांकन अधिवक्ता ने दाखिल किया था।
बताया गया कि नाहिद हसन आज यानी शनिवार को सरेंडर करने की फिराक में थे। इससे पहले ही कोतवाली पुलिस ने उन्हें कैराना बाईपास से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच नाहिद हसन को अपर जिला सत्र न्यायालय (फास्ट ट्रैक कोर्ट) सुबोध सिंह के न्यायालय में पेश किया गया। जहां पर पुलिस ने उनकी गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में रिमांड कराई। रिमांड की कार्यवाही पूरी करने के बाद न्यायाधीश ने उनको 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
यह भी पढ़ें: कौन है जावेद हबीब: लंदन तक पहुंचे... पर अपने ही इलाके में फंस गए, थामा था भाजपा का दामन, खूब प्रसिद्ध है परिवार