थानाभवन। खेड़ा गदाई गांव में 50 लाख से अधिक की जमीन बैनामा करा लेने के मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव खेड़ागदाई निवासी बुजुर्ग टीकाराम पुत्र भंगड़ ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह वृद्ध होने के कारण देख नही सकता साथ ही अनपढ़ भी है। टीकाराम ने गांव के ही रविन्द्र पर आरोप लगाया कि उसने पेंशन दिलवाने का झांसा देकर उसे शामली अपने साथ ले गया तथा कुछ कागजों पर अंगूठा लगवा लिया।
जिसके बाद गांव में चर्चा होने पर पता चला कि आरोपी ने उसकी 18 बीघा जमीन का धोखे से बैनामा करा लिया है। तहसील पहुंचे वृद्ध ने जब जानकारी निकाली तो जमीन का बैनामा की पुष्टी होने पर पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले की जानकारी देते हुए धोखे से हुए बैनामा को रद्द करने की मांग की।
डीएम के आदेश पर थानाभवन पुलिस ने बुधवार देर सांय आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी। आरोप है कि वृद्ध को जहां आरोपी पेंशन के बहाने साथ ले गया वहीं उसे खाने में कुछ नशीला पदार्थ भी खिला दिया था।