शामली। जिला उद्योग बंधु की बैठक में औद्योगिक क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़क, पानीपत-खटीमा हाईवे की मरम्मत कराने, खेड़ीकरमू से लेकर भैसवाल गांव तक नहर की पटरी-सड़क कटान रोकने और बिजली समस्याओं को उद्यमियों ने उठाया। कहा कि औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों की स्थिति बहुत खराब हो चुकी है। इन पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में डीएम जसजीत कौर की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की बैठक में शामली इंडस्ट्रियल एस्टेट मैन्यूफैक्चरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अंकित गोयल ने कहा कि इंडस्ट्रियल एरिया में कंडेला गांव को जाने वाली रोड पूरी तरह से टूट गई है इस रोड पर 50 से भी अधिक फैक्टरी है, लोक निर्माण विभाग द्वारा यह क्षतिग्रस्त सड़क नहीं बनाई जा रही है। शामली विजय चौक से इंडस्ट्रियल एरिया तक पानीपत खटीमा हाईवे में जगह जगह गड्ढे हो गए हैं।
एनएचएआई द्वारा हाईवे निर्माण में देरी किए जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने गड्ढे भरवाने की मांग उठाई। साइमा की ओर से कैराना रोड खेड़ीकरमू से मुंडेट गांव और भैसवाल गांव तक सड़क के किनारे दोनों नहर की पटरी में बारिश के कारण कटाव हो गया है। जिससे नहर की पटरियों के कटान भरने, बरसात के माह में इंडस्ट्रियल एरिया प्रथम एवं तृतीय दोनों डिवीजन में बहुत ज्यादा लाइट के कट हो रहे हैं। डीएम ने सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्राथमिकता पर समस्या समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने एक जनपद एक उत्पाद, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की प्रगति जानते हुए बैंक शाखाओं में प्रेषित लंबित आवेदन पत्रों में कार्रवाई के लीड बैंक मैनेजर को निर्देश दिए।
मौके पर साइमा महासचिव अमित जैन, प्रवीण गोयल, मुकेश कुमार, विशाल गुप्ता, आईआईए अध्यक्ष अनुज गर्ग, भारत मित्तल, अभिनव बंसल, जिला उद्योग के उपायुक्त परमहंस मौर्य, सहायक आयुक्त डॉ. बनवारी लाल, लीड बैंक मैनेजर उमाशंकर, जिला सेवायोजन अधिकारी अजय कुमार, सीएफओ शामली दीपक शर्मा, सहायक श्रमायुक्त, विद्युत निगम, सिंचाई विभाग के अफसर मौजूद रहे।