झिंझाना। चौसाना में लोक निर्माण विभाग द्वारा जल निकासी की समस्या का समाधान किए बिना सड़क निर्माण कार्य फिर से शुरू कर दिया गया है। इसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि पूर्व में अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि जल निकासी का समाधान होने के बाद ही निर्माण कार्य किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार के कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस हो गई। डॉ. सलीम, डॉ. इमरान और नेत्रपाल ने आपत्ति जताते हुए कहा कि जब तक नालों के कारण जलभराव की समस्या दूर नहीं होती, तब तक निर्माण नहीं होना चाहिए। बावजूद इसके कार्य जारी रखा गया।
ग्रामीणों का कहना है कि ऊंचे नाले और नीची सड़क के चलते हल्की बारिश में भी रोड पर एक से डेढ़ फुट तक पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। पहले पानी की निकासी संपर्क मार्गों से हो जाया करती थी, लेकिन अब रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है।
ग्रामीणों की मांग है कि निर्माण कार्य से पहले जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सोनू, लोकेन्द्र, शहजाद, मुबारिक, दिलशाद समेत अन्य लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने जल्द समाधान नहीं किया, तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे।