शामली। जिले में धान खरीद की व्यवस्था करने में विफल रहे मुजफ्फरनगर- शामली के डिप्टी आरएमओ प्रदीप कुमार अग्रवाल को प्रदेश शासन ने निलंबित कर दिया है। अग्रवाल को निलंबन के दौरान मेरठ में संबद्ध कर दिया गया है। उधर, प्रदीप कुमार अग्रवाल निलंबन के खिलाफ उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।
शासन ने जिले में धान खरीद केंद्र के लिए छह खरीद केंद्र बनाए गए थे। बनाए गए खरीद केंद्र पर धान खरीद की व्यवस्था नहीं की शिकायत किसानों ने डीएम ओपी वर्मा से की थी, जिस पर डीएम ओपी वर्मा ने मुजफ्फरनगर-शामली के डिप्टी आरएमओ प्रदीप कुमार अग्रवाल की लापरवाही बरतने और व्यवस्था में विफल होने पर निलंबन की संस्तुति शासन को भेजी थी।
उत्तर प्रदेश खाद्य एवं रसद विभाग के आयुक्त अजय चौहान ने पूरे मामले की जांच के बाद डिप्टी आरएमओ प्रदीप अग्रवाल को निलंबित करते हुए मेरठ आरएफसी कार्यालय में संबद्ध कर दिया है। डिप्टी आरएमओ का कार्यभार मुजफ्फरनगर के विपणन निरीक्षक रजनीश भारती को सौंप दिया गया है। डिप्टी आरएमओ प्रदीप अग्रवाल का निलंबन आदेश जिला मुख्यालय पर दो दिन पूर्व प्राप्त हो गया था। प्रदीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि वह निलंबन के खिलाफ उच्च न्यायालय इलाहाबाद का दरवाजा खटखटाएंगे।