रालोद ने किसान क्रांति दिवस पर हुंकार भरी
शामली। रालोद कार्यकर्ताओं ने किसान क्रांति दिवस पर शनिवार को किसान विरोधी नीतियों के विरोध में तहसीलों पर प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि केंद्र और सूबे की भाजपा सरकार में किसानों की हालत दिन प्रतिदिन दयनीय होती जा रही है। प्रदर्शनकारियों को सूबे में भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए किसानों को आरपार की लड़ाई लड़ने की जरूरत है। रालोद हमेशा किसानों के साथ है। प्रदर्शनकारियों ने नौ सूत्री मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
शनिवार सुबह करीब 11 बजे रालोद के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन, प्रसन्न चौधरी के नेतृत्व में रालोद कार्यकर्ताओं ने शामली तहसील में धरना दिया। रालोद नेताओं ने कहा कि किसानों की फसलों की लागत बढ़ती जा रही है। किसानों को मंडियों में लाभकारी मूल्य नहीं मिल रहा है। सरकार का किसानों की आय बढ़ाने का चुनावी वादा जुमला बन कर रह गया है। पिछले नौ महीने से देश के किसान नए कानून का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने बकाया गन्ना भुुगतान, मय ब्याज समेत दिलाए जाने, किसानों का बकाया गन्ना भुुगतान न होने तक सभी देनदारियों पर रोक लगाए जाने की मांग की है।
इसके अलावा गन्ने के नए पेराई सत्र प्रारंभ होने से पूर्व किसान प्रतिनिधियों से वार्ता करके सरकार से लाभकारी मूल्य घोषित किए जाने की मांग की है। वक्ताओं ने किसानों को पसंद के मुताबिक गन्ने को मिलों में छूट देने की मांग की। किसानों का ढुलाई भाड़ा खत्म किए जाने, किसानों के बिजली बिल कम करने, नलकूप के लिए किसानों को बिजली मुफ्त में दिए जाने, डीजल पर सब्सिडी दिए जाने, खाद व कृषि यंत्रों के दाम घटाने आदि की मांग की गई। धरने पर एसडीएम सदर संदीप कुमार सिंह को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। गठवाला के बहावडी थांबेदार बाबा श्याम सिंह ने सभा की अध्यक्षता की। इस मौके पर रविंद्र लांक, संजय कालखंडे, बतीसा खाप के प्रतिनिधि शौकेंद्र कुमार, किसान यूनियन के अध्यक्ष सवित मलिक, अशरफ अली, पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल, विजेंद्र सिंह, अरविंद झाल, प्रियंवदा तोमर, ऋषिराज राझड़, रणधावा मलिक, उमेश कुमार, बाबूराम पंवार, हरेंद्र वर्मा, अब्दुल गफ्फार, सुनील मलिक, ललित कुमार मौजूद रहे। रामकुमार वर्मा, विपिन कुमार ने संयुक्त रुप से संचालन किया।
शामली कलक्ट्रेट में धरने पर बैठे रालोद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते बाबा श्याम सिंह। संवाद- फोटो : SHAMLI
शामली कलेक्ट्रेट में एसडीएम को ज्ञापन देते रालोद कार्यकर्ता- फोटो : SHAMLI