महिलाओं का करो सम्मान, इससे बढ़ेगी देश की शान
कांधला। कस्बे के राजकीय महिला महाविद्यालय राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के शिविर में छठे दिन की शुरुआत व्यायाम, प्रार्थना और योगाभ्यास से की गई। इसके बाद छात्रा महक ने ‘अपने हौसलों से नारी भर रही है उड़ान, न कोई शिकायत न कोई थकान, महिलाओं का करो सम्मान, इससे बढ़ेगी देश की शान’ सुविचार प्रस्तुत किया। छात्राओं ने टोलियों में शिविर स्थल के बाहर सफाई की। इसके बाद स्वयंसेविकाओं ने पौधारोपण किया।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छात्रों ने कविताएं प्रस्तुत कीं। बौद्धिक सत्र में डॉ. विनीता ने सुकन्या समृद्धि योजना के संबंध में विस्तार से बताया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला प्रकोष्ठ के अंतर्गत एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में मुख्य अतिथि ऊषा बंसल ने बताया कि किस प्रकार उन्होंने 100 रुपये से भी कम से अपना व्यवसाय शुरू करके आज लाखों रुपये प्रतिमाह तक का सफर पूरा किया। साथ ही वह कई अन्य महिलाओं को भी रोजगार दे रही हैं। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने कार्य के प्रति ईमानदारी और मेहनत से कार्य करना ही सफलता का मंत्र है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका डॉ. दीप्ति चौधरी ने कहा कि छात्राओं को अपने जीवन में अपनी रूचि के अनुसार व्यवसाय को चुनकर इमानदारी, मेहनत और लगन से अवश्य ही एक सफल व्यवसायी बन सकती हैं।