गठबंधन के प्रत्याशी प्रसन्न समेत 60 पर रिपोर्ट दर्ज
शामली। शामली विधानसभा सीट पर रालोद-सपा गठबंधन के प्रत्याशी प्रसन्न चौधरी और रालोद नेता बिजेंद्र मलिक समेत 60 लोगों के विरुद्ध आचार संहिता के उल्लंघन व महामारी अधिनियम के तहत कांधला थाने पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस चुनाव में आचार संहिता के उल्लंघन और महामारी अधिनियम के तहत का जिले में यह पहला मामला दर्ज हुआ है।
कांधला थाने पर उप निरीक्षक सन्नी चौधरी की तरफ से मंगलवार देर रात में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि गांव किवाना में मंगलवार को दोपहर करीब दो बजे बिजेंद्र मलिक की ओर से अपने मकान पर रालोद-सपा गठबंधन के प्रत्याशी प्रसन्न चौधरी के साथ 50-60 लोगों की भीड़ एकत्रित की। विधानसभा चुनाव संबंधी बैठक बिना किसी पूर्व अनुमति के की गई। इसमें कोविड-19 गाइड लाइन का पालन नहीं किया गया और आचार संहिता का उल्लंघन किया गया। पुलिस ने प्रसन्न चौधरी व बिजेंद्र मलिक को नामजद और 50-60 अज्ञात लोगों के विरुद्ध आचार संहिता के उल्लंघन और महामारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की सूचना पुलिस को मिली थी। इस मामले में कांधला थाने पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।