चौसाना। श्यामली-श्यामला गांव में दुल्हैंडी पर हुड़दंग के दौरान दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष के मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करते समय चार गवाहों को भी आरोपी बना दिया। जिसके बाद पीड़ित अधिकारियों के यहां चक्कर काट रहे हैं।
दुल्हैंडी पर चौसाना चौकी के गांव श्यामली-श्यामला के मजरे नया गांव में दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया था। जिसमें एक पक्ष के संजीव कुमार पुत्र ब्रह्मसिंह ने आरोपी ब्रजपाल पुत्र तेलू, मुकेश और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी। तहरीर में यह भी लिखा था कि झगड़े के दौरान चार लोगों ने उन्हें आरोपियों से बचाया। इस घटना में कई लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। जिसमें संजीव पक्ष को बचाने आए चारों लोगों को भी आरोपियों में शामिल कर दिया। एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज होने की वजह से मामले की जांच सीओ कैराना जितेंद्र कुमार कर रहे हैं। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के चलते उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। सोमवार को पीड़ित पक्ष सीओ कैराना से भी मिला और घटना की वास्तविकता बताई। गवाहों के नाम हटाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में एसएसपी सुकीर्ति माधव का कहना है कि यह संभवत: गलती से हुआ होगा, इसे ठीक करा दिया जाएगा।