शामली के गांव टिटोली में राशन डीलर के खिलाफ प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
शामली। राशन वितरण में गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए टिटौली गांव में लोगों ने हंगामा प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे आवश्यक वस्तु एवं खाद्य निगम के चेयरमैन रियासत राणा को ज्ञापन देकर आरोपी राशन डीलर के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की।
रविवार सुबह टिटौली गांव के लोगों की भीड़ हाईवे किनारे इकट्ठा हुई। ग्रामीणों ने बताया कि डीलर राशन वितरण करने में मनमानी और गड़बड़ी कर रहा है। सूची में नाम होने के बावजूद ग्रामीणों को राशन देने से इंकार कर देता है। यदि विरोध करते हैं तो ग्रामीणों से अभद्रता की जाती है।
इसी बीच आवश्यक वस्तु एवं खाद्य निगम के चेयरमैन रियासत राणा टिटौली पहुंचे, तो ग्रामीणों ने उनके सामने भी जमकर हंगामा किया। उनसे कहा कि आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से राशन डीलर मनमानी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की कि आरोपी राशन डीलर के खिलाफ कार्रवाई कराई जाए।
रियासत राणा ने ग्रामीणों को कार्रवाई कराने का आश्वासन देकर शांत किया। इस दौरान विवेक, अनिल, नरेंद्र, शक्ति, मनजीत कुमार, सुरेश, महेंद्र, यशपाल, बोबी, रोहित, प्रवीन, सुखपाल, राजकुमार, मुन्नी, दीपक और फरमान आदि मौजूद रहे।