चौसाना। कैशलेस व्यवस्था को बढ़ावा देने में चौसाना के ज्ञासन ने अनूठी मिसाल पेश की है। जूता पॉलिश करने पर उसे सिर्फ 10 रुपये मिलते हैं और यदि कोई चेक से भुगतान देना चाहे, तो उसे भी मनाही नहीं है। चौसाना क्षेत्र में ज्ञासन के इस प्रयास की खूब चर्चा हो रही है।
दरअसल, नोटबंदी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील कर कहा था कि कैशलेस व्यवस्था को बढ़ावा दें तथा अपने मोबाइल को बटुआ के रूप में इस्तेमाल कर ऑनलाइन पेमेंट करें। साथ ही व्यापारियों से चेक से भुगतान की आदत डालने का भी आह्वान किया गया। नोटबंदी के बाद देशभर में हो हल्ला मचा हुआ है।
कैश लेने के लिए बैंकों के बाहर भीड़ हंगामा तक कर रही है, लेकिन चौसाना निवासी जूता पॉलिश करने वाले ज्ञासन ने कैशलेस व्यवस्था को बढ़ावा देने का भागीदार बनकर अनूठी मिसाल पेश की है। दो दिन से वह चेक से भी भुगतान ले रहा है। ज्ञासन का कहना है कि उसके पास अभी तक दो लोगों ने जूता पॉलिश कराकर चेक से भुगतान किया।
दोनों चेक 10-10 रुपये के मिले हैं। ज्ञासन ने बताया कि वह इन चेक को अपने बैंक खाते में जमा करके भुगतान लेगा। एक सवाल के जवाब में उसने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कहने के बाद ही उसने भी मन बना लिया कि कैशलेस व्यवस्था में भागीदार बनूंगा।