थानाभवन में पलटी पड़ी गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के थानाभवन में शुगर मिल में गन्ना डालने जा रहे किसान सहित तीन लोगों को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में किसान की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया।
गांव महावतपुर निवासी चरण सिंह पुत्र भंवर सिंह बुधवार रात गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर बजाज शुगर मिल में जा रहा था। गांव हरड़ फतेहपुर में टंकी के पास चरण सिंह का भतीजा धनेंद्र (43) और भाई राजेंद्र (46) खडे़ मिले। उन्हें देखकर चरण सिंह ने ट्रैक्टर ट्रॉली रोक ली और उनसे बातचीत करने लगा। इसी दौरान थानाभवन की ओर से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें ट्रैक्टर और ट्रॉली सड़क किनारे खाई में पलट गई। चरण सिंह ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जबकि धनेंद्र को ट्रक की चपेट में आने से गंभीर चोट लगी। राजेंद्र ने भागकर जान बचाई। उधर, घटना के बाद चालक ट्रक छोड़ मौके से फरार हो गया।
राजेंद्र ने घटना की सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों ने चरण सिंह और धनेंद्र को शामली के एक नर्सिंग होम में पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने धनेंद्र को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। धनेंद्र के चाचा राजेंद्र ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
उधर, पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी नरेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चालक को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।