शामली। सुपरवाइजर स्तर के रेलकर्मियों के यूनियन पदाधिकारी बनने पर रेलवे बोर्ड द्वारा रोक लगाए जाने के विरोध में रेलवे कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर स्टेशन पर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि रेलवे कर्मचारियों ने यूनियन पदाधिकारियों के बनने पर रोक नहीं हटाई गई तो आंदोलन किया जाएगा।
सोमवार दोपहर दो बजे नार्दन रेलवे मैंस यूनियन शाखा शामली के अध्यक्ष केपी सिंह मलिक के नेतृत्व में रेलवे कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन किया। कहा कि सुपरवाइजर स्तर के रेलवे कर्मियों के यूनियन पदाधिकारी बनने पर रेलवे बोर्ड के अफसरों द्वारा रोक लगाई जा रही है। रेलवे कर्मचारी रेलवे के अफसरों के फरमान का हर कीमत पर विरोध करेगा। साथ ही रेलवे सुपरवाइजरों के यूनियन के पदाधिकारियों पर रोक लगाए जाने की निंदा की है।
मलिक ने कहा कि रेलवे बोर्ड का यह कदम ट्रेड यूनियन एक्ट ही नहीं बल्कि अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन 1987 के उस घोषणा पत्र के भी विरुद्ध है। जिसमें कर्मचारियों को संगठित होने का अधिकार दिया है। यूनियन के संविधान में साफतौर से लिखा है कि पदाधिकारी होने के लिए सदस्य बनना आवश्यक है। मौके पर श्रीनिवास शर्मा, कर्ण सिंह, महावीर सिंह, सोनू, अनुज कुमार, सुदेश, सुबोध, सरोज देवी, विनोद, शुभम, राजवीर, अनिल, राजकुमार, सतीश मौजूद रहे।