झिंझाना में कीटनाशक दवाई की दुकान पर छापा मारते अधिकारी।
- फोटो : SHAMLI
पेस्टीसाइड की दुकान पर छापा
झिंझाना (शामली)। ऊन रोड स्थित कीटनाशक दवाइयों की एक दुकान पर शनिवार को मुंबई की कंपनी की विजिलेंस टीम, पुलिस और कृषि विभाग अधिकारियों के साथ छापा मारा। दुकान पर कंपनी की काफी मात्रा में एक्सपायर और फर्जी कीटनाशक बरामद हुए। दुकान मालिक मौके से फरार हो गया।
मुंबई की यूपीएल (यूनाइटेड फास्फोरस लिमिटेड) कंपनी की विजिलेंस टीम ने शनिवार की सुबह करीब 11 बजे ऊन रोड स्थित संगल पेस्टीसाइड की दुकान पर अचानक छापा मारा। टीम के साथ पुलिस और कृषि विभाग के अधिकारी भी रहे। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में यूपीएल कंपनी की एक्सपायर और फर्जी कीटनाशक व फसलों में डाले जाने वाली दवाई पकड़ी गई। करीब चार घंटे तक चली जांच-पड़ताल के बाद विजिलेंस अधिकारी वासुदेव ने बताया कि संगल पेस्टीसाइड के मालिक अर्पित संगल कंपनी डीलर भी नहीं है। उन्होंने बताया कि झिंझाना कस्बे में भी इस कंपनी का कोई डीलर नहीं है। संगल पेस्टीसाइड की दुकान से यूपीएल कंपनी की एक्सपायर और फर्जी कीटनाशक दवाईयां बरामद हुई है। विजिलेंस टीम की ओर से अर्पित के खिलाफ मुकदमा कायम करा दिया गया है। टीम ने बताया कि दवाईयां कब्जे में लेते समय अर्पित मौके से फरार होने में कामयाब रहा। थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कंपनी के कीटनाशक कहां से लाए जा रहे थे, इसकी जांच की जा रही है।