मुजफ्फरनगर। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के रोड शो में भीड़ उमड़ी। राहुल रोड शो के दौरान खामोश रहे। रास्ते में शहीद मेजर आशाराम त्यागी और बचन सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। मदनमोहन मालवीय, झांसी की रानी के सामने रुककर नमन करते हुए शिवचौक पर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।
राहुल गांधी अपने निर्धारित समय से दो घंटे देरी से पुलिस लाईन पहुंचे। यहीं से गाड़ी में सवार होकर रोड शो शुरू किया। सिविल लाइन थानेे के सामने चौक पर बनी शहीद आशाराम त्यागी की मूर्ति को देखकर वह रुके और माल्यार्पण किया। उन्होंने शहीद बचन की सिंह की मूर्ति पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। कांग्रेसी युवराज ने रोड शो में युवाओं से हाथ मिलाकर उनमें जोश भरने का काम किया। उनके साथ गाड़ी में जिलाध्यक्ष नानू मियां, नगर अध्यक्ष सतीश गर्ग, पूर्व सांसद सईदुज्जमा, चेयरमैन पंकज अग्रवाल मौजूद रहे।
राहुल गांधी ने मदन मोहन मालवीय की मूर्ति के सामने जाकर उन्हें नमन किया, रानी लक्ष्मीबाई की मूर्ति के सामने हाथ जोड़े। शिवचौक पर भीड़ की मौजूदगी में उन्होंने भगवान शिव की आराधना की। कुछ ही देर में माहौल भक्तिमय हो गया। पंडित जी ने राहुल गांधी का तिलक कर प्रसाद देकर आशीर्वाद दिया। यहां से काफिला भगत सिंह रोड से कांग्रेस कार्यालय के सामने से गुजरा। हनुमान चौक, शामली रोड होते हुए राहुल गांधी की पूरी टीम बघरा के लिए निकल गई। पूर्व मंत्री दीपक कुमार, राकेश पुंडीर, मुकेश शर्मा, बिलकिस चौधरी, हरेंद्र त्यागी आदि लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे।