परिजनों को सुरक्षा का डर
प्रदर्शन के दौरान मोहित कश्यप ने कहा कि मोनू कश्यप की तीन दिन पहले हत्या कर दी गई थी, लेकिन अभी तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि परिवार बेहद गरीब है और उन्हें किसी अनहोनी की आशंका भी बनी हुई है। इसलिए प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
इस मामले में एसपी एनपी सिंह ने बताया कि मोनू के परिजनों ने उसके दोस्तों शुभम और सचिन पर ट्रेन के आगे धक्का देकर हत्या करने का आरोप लगाया था। इस आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच के दौरान सामने आया है कि मोनू का एक लड़की से प्रेम प्रसंग था। किसी बात को लेकर दोनों दोस्तों के बीच विवाद हुआ था। प्रथम दृष्टया यह प्रतीत हो रहा है कि झगड़े के दौरान उसके दोस्तों ने उसे रेलवे लाइन पर धक्का दे दिया, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आ गया और उसके पैर कट गए।
मेरठ में इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। ज्यादा रक्तस्राव होने के कारण मोनू को गंभीर हालत में मेरठ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। एसपी एनपी सिंह ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।