बनत पुलवामा में शहीद हुए प्रदीप कुमार के माता पिता । संवाद
शामली। पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए शामली के अमर शहीद अमित कोरी और बनत के शहीद प्रदीप प्रजापति सहित देशभर के 40 वीर जवानों को आज भी पूरा देश श्रद्धा से याद करता है।
14 फरवरी 2019 का वह दिन जैसे ही आता है तो परिजनों की आंखें छलक जाती हैं। परिजनों के मन में जहां बेटे की शहादत पर गर्व है, वहीं अपने से दूर हो जाने का दर्द भी है। शनिवार 14 फरवरी को दोनों शहीदों के घरों व प्रतिमा स्थलों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान हवन-यज्ञ होगा और पुष्प अर्पित कर शहीदों को नमन किया जाएगा। nअमित कोरी के परिजनों को शहादत पर गर्व : शहीद अमित कोरी के पिता सोहनलाल और माता उर्मिला देवी का कहना है कि बेटे की याद आते ही मन भर आता है, लेकिन उसकी शहादत पर गर्व भी है। उन्होंने बताया कि केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी गई है। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा परिवार के दो बेटों को नौकरी भी दी गई है। परिजनों को इस बात का मलाल है कि अभी तक शामली में उनके नाम का स्वागत द्वार नहीं बन पाया है। nबनत के शहीद प्रदीप प्रजापति की भी अमिट यादें : पुलवामा हमले में शहीद हुए बनत निवासी प्रदीप प्रजापति के पिता जगदीश ने बताया कि प्रदीप वर्ष 2003 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे। उनकी पत्नी और दो बेटे सिद्धार्थ कुमार व विजयत गाजियाबाद में रहते हैं। शहीद प्रदीप की स्मृति में बनत नगर पंचायत द्वारा प्रवेश द्वार तथा कस्बे के व्यापारियों द्वारा प्रतिमा स्थल बनाया गया है।
बनत पुलवामा में शहीद हुए प्रदीप कुमार के माता पिता । संवाद