शामली। कोरोना संक्रमण के चलते इस बार सभी बोर्ड की इंटर की परीक्षाएं निरस्त हो गई हैं। सरकार ने बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकृत सभी विद्यार्थियों को प्रोन्नत करने का फैसला लिया है। ऐसा पहली बार होगा कि सभी पंजीकृत विद्यार्थी प्रोन्नत होंगे। इस कारण डिग्री कालेजों में सीमित सीटें होने के कारण दाखिले के लिए मारामारी मचेगी। हालांकि अभी इंटर का रिजल्ट घोषित न होने के कारण डिग्री कालेजों में दाखिले को लेकर तैयारी शुरू नहीं हुई है।
कालेज के प्राचार्य और प्रवेश प्रभारियों से बात की गई तो उनका कहना है कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की गाइड लाइन के अनुसार ही दाखिले की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। आरके पीजी कालेज के प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार का कहना है कि कालेज में सीटों की उपलब्धता के अनुसार ही दाखिले होंगे। उम्मीद है कि पिछले सालों की तरह इस बार भी विश्वविद्यालय द्वारा जारी मेरिट के आधार पर दाखिले होंगे। बाकी विश्वविद्यालय की जो भी गाइड लाइन होगी उसके अनुसार विद्यार्थियों के दाखिले किए जाएंगे।
--
वीवी डिग्री कालेज शामली के बीए के प्रवेश प्रभारी प्रताप सरोहा और बीकॉम के प्रवेश प्रभारी रहे वीके जैन ने बताया कि इंटर का रिजल्ट घोषित नहीं हुआ है। विश्वविद्यालय से भी कोई गाइड लाइन जारी नहीं हुई है। इस कारण अभी दाखिले की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है। विश्वविद्यालय से गाइड लाइन जारी होते ही दाखिले की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इंटर में सभी विद्यार्थियों के प्रोन्नत होने के कारण सीटें जल्दी फुल होने की उम्मीद है।
---
विजय सिंह पथिक महाविद्यालय कैराना के प्राचार्य डॉ. योगेंद्रपाल का कहना है कि विश्वविद्यालय की गाइड लाइन के अनुसार कालेज में सीटों की संख्या के आधार पर दाखिले किए जाएंगे। अभी विश्वविद्यालय से गाइड लाइन नहीं मिली है।
--
सेंट आरसी हायर एजुकेशन के प्राचार्य सतेंद्र कुमार ने बताया कि इस बार इंटर के सभी विद्यार्थी प्रोन्नत होने के कारण दाखिला लेने वालों की संख्या ज्यादा रहने की उम्मीद है। दाखिले को लेकर विश्वविद्यालय की अभी गाइड लाइन नहीं मिली है। विश्वविद्यालय की गाइड लाइन के अनुसार ही दाखिले किए जाएंगे।