शामली। जिले में पावर कारपोरेशन की ओटीएस योजना का उपभोक्ता लाभ नहीं उठा पा रहे है। जिससे ओटीएस योजना धड़ाम हो गई। बहुत कम उपभोक्ता अपना बिजली बिल जमाकर ब्याज की छूट ले रहे है। 299 करोड़ रुपये के बिजली बिल के सापेक्ष 7.81 करोड़ रुपये जमा हुए है। जिले के 1.62 लाख उपभोक्ताओं पर 201 करोड़ रुपये से ज्यादा बिजली बिल बकाया है।
15 लाख की आबादी वाले जिले में विद्युत वितरण के चार खंडों में 1.75 लाख उपभोक्ता है। सबसे ज्यादा चतुर्थ वितरण खंड में 53793 उपभोक्ता है। दूसरे स्थान पर 43087 उपभोक्ता प्रथम खंड और तृतीय खंड में 42220 बिजली उपभोक्ता है। चारों खंडो में सबसे कम उपभोक्ता द्वितीय खंड में 30121 उपभोक्ता हैं। जिले के सभी वितरण खंडों के 1.75 लाख बिजली उपभोक्ताओ पर 299 करोड़ रुपये बिजली बिल के बकाया थे। शासन के निर्देश पर गत 21 अक्तूबर से लेकर 30 नवंबर तक एक मुश्त समाधान योजना ओटीएस लागू की गई है। एक माह में पावर कारपोरेशन विभाग की ओटीएस योजना में जिले में 13146 बिजली उपभोक्ताओं ने 7.81 करोड़ रुपये जमा कर छूट का लाभ लिया है। जिसमें चतुर्थ खंड के सबसे ज्यादा 2.81 करोड़ रुपये ओटीएस योजना में हुए है। जबकि इस खंड में 6.24 करोड़ का ओटीएस का वसूली लक्ष्य निधार्रित किया गया था। जिले में 1.62 लाख उपभोक्ताओं पर 201 करोड़ रुपये बिजली बिल के बकाया है। ओटीएस योजना में सिर्फ आठ दिन अवशेष है। चतुर्थ विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता रविंद्र प्रकाश और विद्युत वितरण खंड द्धितीय के अधिशासी अभियंता ब्रहमपाल सिंह ने बताया कि जिले में ओटीएस योजना में नोटिस जारी करने के बाद बहुत कम बिजली बिल की बकाया धनराशि उपभोक्ता जमा कर रहे हैं। अगले आठ दिन में अधिकतम दो करोड़ रुपये की चार खंडों में बकाया धनराशि जमा हो सकती है।