शामली। भारतीय किसान यूनियन (भानू गुट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानू प्रताप सिंह ने कहा कि गंगा और यमुना के साथ ही विभिन्न नदियों का प्रदूषण भी दूर कराया जाए, जो फैक्ट्री प्रदूषण फैला रही है, उसके खिलाफ कार्रवाई हो। अन्यथा भाकियू ऐसी फैक्ट्रियों पर तालाबंदी करेगी।
सोमवार को शामली नगर पालिका सभागार में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि गन्ने का रेट 500 रुपये प्रति कुंतल, गेहूं का तीन हजार रुपये कुंतल तथा आलू का दाम 1500 रुपये प्रति कुंतल किया जाए। इससे कम दाम पर फसलों की लागत निकलनी मुश्किल है। उन्होंने कहा कि किसानों को फसलों का वाजिब दाम दिलाना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि गंगा और यमुना के साथ ही देशभर की अन्य नदियों से भी प्रदूषण कम कराने के लिए केंद्र सरकार को पहल करनी चाहिए। वेस्ट यूपी में भी विभिन्न नदियों प्रदूषण से घिरी हुई हैं। इन नदियों में फैक्ट्रियों से प्रदूषित पानी छोड़ा जाता है। फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। भविष्य में भाकियू ऐसी फैक्ट्रियों के खिलाफ आंदोलन चलाएगी और तालाबंदी की जाएगी। इस दौरान अनिल मलिक, रजनीश प्रधान, बाबा श्याम सिंह, रसीद चौधरी, सुरेशपाल चौहान, श्याम सिंह रोड, सुधीर मलिक आदि मौजूद रहे।