शामली। शब्बीरपुर कांड की आग भी बुझी भी नहीं कि बाबरी के हिरनवाड़ा में शरारती तत्व माहौल खराब करने की कोशिश में जुट गए। हैरत की बात है कि शासन की सख्ती के बावजूद पुलिस महकमा सुधरने को तैयार नहीं है।
पीड़ितों की सूचना के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। सोमवार को दलित समाज के लोगों ने हिरनवाड़ा प्रकरण की डीआईजी से शिकायत की, तब कहीं जाकर प्रशासनिक मशीनरी हरकत में आई।
दरअसल, शामली के थाना बाबरी क्षेत्र के गांव हिरनवाड़ा में सात दिन पूर्व दलित समाज के परदेसी के दो बिटौड़ों में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई थी। उस समय तो इस घटना को नजरअंदाज कर दिया गया था।
रविवार की शाम फिर हरफूल के भूस के कूप में आग लग गई। ग्रामीणों ने बमुश्किल आग बुझाई और पुलिस को सूचना दी। सोमवार की देर रात 10.30 बजे रतिराम के तीन बिटौड़ों में आग लगी तो सूचना पर पुलिस और फायर विभाग की टीम पहुंची और बाग बुझाई। सोमवार की सुबह फिर पांच बजे के करीब दलित समाज के सुनील के दो बिटौड़ों में आग लग गई. जिससे गांव का माहौल गर्मा गया।
बार-बार दलित समाज के लोगों को निशाना बनाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए स्थानीय पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। ऐसे में साफ है कि गांव मेें हालात सामान्य नहीं है।
उधर, ग्रामीणों ने इस संबंध में डीआईजी रेंज को शिकायत की। इस पर मामले को गंभीरता से लेेते हुए शामली पुलिस को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद, सीओ थानाभवन के नेतृत्व में पुलिस फोर्स पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। इस दौरान महिलाओं की सीओ के साथ नोकझोंक भी हुई, जिसके बाद सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
आग पुरी तरह नहीं बुझ पाई थी, उसी कारण शायद दोबारा आग लग गई थी, गांव में किसी प्रकार की तनाव की बात नहीं है। गांव में ग्रामीणों के बीच शांति समिति की बैठक सीओ के नेतृत्व में कराई गई है। - जगदीश शर्मा एएसपी शामली
प्रशासन ने ग्रामीणों से सहयोग मांगा
शामली/बाबरी। हिरनवाड़ा में दलितों के बिटौड़ों में आग लगने के बाद पनपे तनाव के मद्देनजर प्रशासन ने गांव में सोमवार को शांति समिति की बैठक बुलाई। इस दौरान प्रशासन ने गांव में आपसी भाईचारा कायम रखने की अपील की। सोमवार शाम महात्मा गांधी पार्क में शांति सौहार्द की बैठक आयोजित की गई।
एसडीएम एमपी सिंह व सीओ थानाभवन सुनील कुमार त्यागी ने गांव में भाईचारा बनाए रखने की अपील की। एसडीएम शामली ने कहा कि शरारती तत्वों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। सीओ थानाभवन सुनील कुमार त्यागी ने ग्रामीणों से सहयोग मांगा। एसओ बाबरी समय सिंह ने कहा कि गांव में ऐसे असामाजिक तत्वों की सूचना पुलिस को दें।
गांव के जिम्मेदार लोगों को बताएं। एसडीएम सदर ने बिटौड़ों तथा भूस के कूप में लगी आग के संबंध में मुआवजे की संस्तुति कर शासन को रिपोर्ट भेजने की बात कही। बैठक में प्रधान के पति आदित्य, पूर्व प्रधान ओमबीर सिंह, पूर्व प्रधान ठाकुर प्रताप सिंह, राजबीर सिंह ,मास्टर पूर्ण सिंह, बिट्टू शर्मा, किशनलाल, डॉ. पवन ,बीरमपाल, अमन, कुलदीप ठाकुर, बसंत राणा आदि मौजूद रहे।