शामली। यमुना नदी से रेत खनन कर लाने वाले ट्रैक्टर ट्रॉलियों से अवैध वसूली किए जाने पर जहां तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। वहीं अब पुलिस ने अपना दामन बचाने के लिए कार्रवाई भी शुरू कर दी। बुधवार रात पुलिस ने रेत से भरी तीन ट्रैक्टर ट्रॉलियों को सीज कर दिया। दो चालकों को भी हिरासत में लिया गया है।
रेत खनन कर आने वाले वाहनों से पुलिसकर्मियों द्वारा अवैध वसूली की खबरों से हड़कंप मचा है। पुलिस अधिकारियों ने भी कार्रवाई का दिखावा करते हुए तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया, जबकि थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों पर फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अब पुलिस कार्रवाई के नाम पर अपना दामन बचाने में जुट गई है। जिसके चलते बुधवार को झिंझाना पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया और रेत से भरी तीन ट्रैक्टर ट्रॉलियों को सीज कर दिया।
थाना प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि चौतरा के निकट से तीन ट्रैक्टर ट्रॉलियां पकड़ी गईं। एक ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। दो चालकों गुलजार निवासी बसेड़ा कैराना और अरशद निवासी टिटौली थाना आदर्श मंडी को हिरासत में लिया गया।