थानाभवन विधानसभा में जनता से अमर उजाला की बातचीत
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राजनीतिक दल चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। भाजपा, समाजवादी पार्टी में कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। अमर उजाला की टीम ‘सत्ता का संग्राम’ अभियान के तहत प्रदेश की विधानसभाओं में जाकर जनता का मूड जानने में लगी है। इस बार हमारी टीम शामली जिले के थानाभवन विधानसभा में पहुंची। जहां स्थानीय लोगों ने विकास, रोजगार, सुरक्षा, मंडी, शिक्षा, सड़क और सफाई जैसी समस्याओं पर खुलकर अपनी राय रखी।
किसानों की अपेक्षाएं और मुद्दे
थानाभवन विधानसभा के किसानों ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि वे पिछड़े क्षेत्र से आते हैं। शामली में मंडी है, लेकिन वह छोटी है और हरियाणा की तरह बड़ी मंडियों की आवश्यकता है, ताकि किसानों को अपनी फसल लेकर दूसरे राज्यों में न जाना पड़े। गन्ने की फसल पर निर्भरता अधिक होने के कारण किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिलने की मांग है। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में शिक्षा का विस्तार और एक मेडिकल कॉलेज की स्थापना की भी अपेक्षा है।
यहां सुने पूरी बातचीत
महिला सुरक्षा और विकास पर महिलाओं की राय
महिलाओं ने महिला सुरक्षा में सुधार को सराहा है। उनका कहना है कि पहले की तुलना में अब वे अधिक सुरक्षित महसूस करती हैं और बेफिक्र होकर घर से निकल सकती हैं। चोरी की घटनाओं में कमी आई है। सड़कों की स्थिति में भी सुधार हुआ है, हालांकि महंगाई से परेशानी बनी हुई है।
यहां सुने पूरी बातचीत
भैसानी इस्लामपुर गांव में विकास की बयार
भैसानी इस्लामपुर गांव के लोगों ने बताया कि उन्होंने विकास के नाम पर वोट किया है और मौजूदा विधायक के काम से खुश हैं। गांव में सड़कों का बेहतर निर्माण हुआ है, मदरसा भी बना है और स्कूल की व्यवस्था अच्छी है। यहां हिंदू-मुस्लिम भाईचारा भी कायम है। लोगों ने सुरक्षा में सुधार की भी बात की, जिससे वे रात में भी सुरक्षित महसूस करते हैं।
यहां सुने पूरी बातचीत
युवाओं और व्यापारियों की अपेक्षाएं
एक युवा ने कहा कि विधायक द्वारा किए गए वादों में से लगभग 90% पूरे हो चुके हैं। पांच वर्षों में कच्ची सड़कों पर काम हुआ है, शिक्षा व्यवस्था में सुधार हुआ है और लतीफगढ़ कॉलेज का मुद्दा सुलझा है। तीन नए कॉलेज भी बनवाए गए हैं। राष्ट्रीय लोकदल और भाजपा के संयुक्त प्रयास से जिले की तीनों विधानसभाओं में जीत का दावा किया जा रहा है। व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष ने सरकार के अन्य कामों की सराहना की, लेकिन 60 वर्ष से ऊपर के व्यापारियों के लिए पेंशन की मांग उठाई है।
यहां सुने पूरी बातचीत