संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर के कई इलाकों में बुधवार को भी बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं रह सकी। लगातार दूसरे दिन विभिन्न क्षेत्रों में घंटों तक बिजली गुल रहने से लोगों को गर्मी के बीच परेशानी उठानी पड़ी, वहीं औद्योगिक क्षेत्र की इकाइयों में भी कामकाज प्रभावित रहा।
कैराना रोड, बुढ़ाना रोड, सीबी गुप्ता कॉलोनी और औद्योगिक क्षेत्र में दिन के समय बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली कटौती के कारण घरों में पंखे और कूलर बंद रहने से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई, जिससे उपभोक्ताओं की मुश्किलें और बढ़ गईं।
औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमी मनोज कुमार, अंकित गोयल ने बताया कि बिजली के बार-बार आने-जाने और लंबे समय तक आपूर्ति ठप रहने से उत्पादन प्रभावित हो रहा है। मशीनें बंद होने के कारण निर्धारित समय पर ऑर्डर पूरे करने में दिक्कतें आ रही हैं। उनका कहना है कि पिछले कुछ दिनों से बिजली व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है, जिससे उद्योगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
बिजली कटौती पर नाराजगी जताते हुए कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रहने से दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लोगों ने विभाग से निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। अधीक्षण अभियंता वीरेंद्र सिंह का कहना है कि कई बार फाल्ट होने पर परेशानी होती है। प्रयास रहेगा कि लोगों को परेशान नहीं होने दिया जाए।