शामली । विधानसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन हो चुका है। जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर 47 हजार 403 मतदाता बढ़ गए हैं। जिले में कुल नौ लाख आठ हजार 483 वोटर हैं, जिनमें चार लाख 99 हजार 48 पुरुष और चार लाख नौ हजार 435 महिला मतदाता शामिल हैं।
निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण का कार्य सितंबर माह से शुरू हुआ था, जो 31 दिसंबर तक चला। उसके बाद मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि पांच जनवरी घोषित की गई थी, लेकिन चार जनवरी को ही निर्वाचन आयोग ने चुनाव की घोषणा कर आचार संहिता लागू कर दी थी।
मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि बढ़ाकर 12 जनवरी कर दी गई थी। बृहस्पतिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन करा दिया। अब राजनीतिक दलों के लोगों को निर्वाचन कार्यालय से मतदाता सूची दी जा सकती है।