शामली। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सुजीत कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक में कहा कि चुनाव शांतिपूर्वक और निष्पक्ष संपन्न कराने में अपना नैतिक सहयोग प्रदान करें। बिना किसी दबाव एवं भेदभाव के आचार संहिता का पालन कराया जाएगा। हालांकि बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि नहीं पहुंच सके।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई गई। उसमें जिलाधिकारी सुजीत कुमार ने कहा कि चुनाव संबंधी रैली, जनसभा एवं अन्य कार्यक्रमों की संबंधित आरओ से ऑनलाइन अनुमति लेनी होगी। राजनैतिक दल पहले स्वीकृृति लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन करेगा, उसे प्राथमिकता दी जाएगी। चुनाव खर्च के लिए प्रत्याशी को अपना अलग से बैंक खाता खुलवाना होगा। व्यय का ब्यौरा देना होगा तथा मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति से विज्ञापनों की स्वीकृृति लेनी होगी।
कहा कि किसी भी सरकारी भवन पर प्रचार सामग्री नहीं लगाई जाएगी तथा निजी भवनों पर प्रचार सामग्री लगवाने के लिए भी प्रत्याशी को भवन स्वामी से अनुमति लेनी होगी। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान प्रत्याशियों के कैंप मतदान स्थल से 200 मीटर के अंदर न खोला जाए। कार्यालय खोलने के लिए लिखित अनुमति लेनी होगी।
जुलूस और रैली आदि निकालने के लिए वाहनों की संख्या संबंधित एसडीएम को अवगत करानी आवश्यक हैं। वहीं, प्रचार वाहनों अथवा अन्य स्थानो पर रात 10 बजे से सुबह 06 बजे तक लाउडस्पीकर नहीं बजाए जाएंगे। चुनाव के दौरान अवांछनीय तत्वों एवं चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास करने वालों पर पैनी नजर रहेगी। बैठक में एसपी, एडीएम, एसडीएम सदर एमपी सिंह, एसडीएम ऊन विजय प्रकाश तिवारी, एसडीएम कैराना भानुप्रताप यादव आदि रहे।