शामली। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शिक्षकों के साथ ही अब छात्रों की भी हाजिरी ऑनलाइन कराने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रतिदिन इसकी रिपोर्ट परिषद को भेजी जाएगी।
जनपद में 115 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में शिक्षकों की मनमानी रोकने के लिए ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की जा रही है। अब विभाग छात्रों की अनुपस्थिति पर भी नकेल कसने जा रहा है। अक्सर शिकायत रहती है कि प्रवेश लेने के बाद छात्र स्कूल नहीं जाते। सिर्फ परीक्षा देने ही जाते हैं। इन्हीं सब पर रोक लगाने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग अब ऑनलाइन हाजिरी लेने की तैयारी में लग गया है।
इसे लेकर नया सॉफ्टवेयर तैयार कराया जा रहा है। इस सॉफ्टवेयर से बच्चों की ऑनलाइन हाजिरी की सूचना हर रोज सुबह 11 बजे संबंधित विद्यालय को यूपी बोर्ड मुख्यालय भेजनी होगी। इससे यह पता चल जाएगा कि किस विद्यालय में कितने शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित या अनुपस्थित हैं। सूचना भेजने की जिम्मेदारी प्रधानाचार्यों की होगी। इसके लिए प्रत्येक प्रधानाचार्य को लॉगिन आईडी और पासवर्ड दिया जाएगा।