शामली। जिलेभर में ऊर्जा निगम ने तीस हजार और बकायेदारों को नोटिस जारी किए हैं। अभी तक चालीस हजार से अधिक को नोटिस भेजे जा चुके हैं। जिलेभर की यदि बात की जाए तो अभी तक 500 उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ लेने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।
ऊर्जा निगम के अधिकारी शामली, जलालाबाद, कैराना, कांधला और थानाभवन में जाकर लोगों को योजना का लाभ लेने के प्रति जागरूक कर रहे हैं। आगामी 15 जनवरी तक उपभोक्ता योजना का लाभ ले सकते हैं। इस योजना में जिले के एक लाख 77 हजार 796 उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। इन उपभोक्ताओं पर निगम का लगभग 181 करोड़ रुपया बकाया है।
अधीक्षण अभियंता राजेश तोमर ने कहा कि एकमुश्त समाधान योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। इस योजना के दायरे में आने वाले उपभोक्ताओं को 30 सितंबर 2024 तक बकाया बिल के विलंबित भुगतान पर ब्याज में छूट मिलेगी। इस एकमुश्त समाधान योजना में एलएमवी-1 घरेलू, एलएमवी -2 वाणिज्यिक, एलएमवी-6 इंडस्ट्रीज और एलएमवी 4बी निजी संस्थान के उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। बताया कि रजिस्ट्रेशन के लिए बिजलीघरों में काउंटर भी लगवाए जा रहे हैं।
.....
बैठक लेकर एसडीओ और जेई को दिए निर्देश
शामली। एसई ने बताया कि ओटीएस योजना को लेकर जिलेभर के एसडीओ व जेई की बैठक ली। इसमें सभी को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रेरित करें। बड़े बकायेदारों के यहां पर छापामारी कर वसूली करें। लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।