पहले दिन नहीं बिका कोई नामांकन पत्र
शामली। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई है। पांचों ब्लॉकों पर ग्राम पंचायत सदस्य, प्रधान और बीडीसी के लिए नामांकन होंगे जबकि जिला पंचायत सदस्य की नामांकन प्रक्रिया जिला मुख्यालय पर होगी। पहले दिन किसी भी ब्लॉक में कोई नामांकन पत्र नहीं खरीदा गया।
शामली जनपद में तीसरे चरण में चुनाव होना है। नामांकन प्रक्रिया 13 अप्रैल से शुरू होगी जबकि मतदान 26 अप्रैल को होना है। शनिवार को ब्लॉकों में नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू होने के बावजूद पांचों ब्लॉक शामली, कांधला, कैराना, थानाभवन और ऊन में पहले दिन कोई भी दावेदार नामांकन पत्र खरीदने नहीं पहुंचा।
प्रधान को जमा करनी होगी दो हजार की जमानत
शामली। ग्राम प्रधान पद के लिए नामांकन पत्र का मूल्य 300 रुपये है, जबकि जमानत के रूप में दो हजार रुपये जमा करने होंगे। ग्राम पंचायत सदस्य के लिए नामांकन पत्र 150 रुपये तथा जमानत 500 रुपये, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए नामांकन पत्र 300 रुपये और जमानत दो हजार रुपये तथा जिला पंचायत सदस्य के पद के लिए नामांकन पत्र 500 रुपये तथा जमानत चार हजार रुपये निर्धारित है। अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग तथा महिला वर्ग के उम्मीदवारों को नामांकन पत्र का शुल्क एवं जमानत की धनराशि आधी जमा करनी होगी।