शामली। नगर पालिका चेयरमैन अरविंद संगल ने बृहस्पतिवार को शहर के विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड 20 काका नगर और वार्ड 22 नौकुआं रोड में कुल नौ सफाई कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान चेयरमैन के साथ अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी और सफाई निरीक्षक अनिल कुमार मौजूद रहे। चेयरमैन ने सभी सफाई सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन सुबह और दोपहर हाजिरी के समय सफाई कर्मचारियों की जियो-टैगिंग फोटो लेकर उन्हें, ईओ और सफाई निरीक्षक के व्हाट्सएप पर भेजे।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ शामली के लक्ष्य को हासिल करने के लिए नगर पालिका और आमजन दोनों की सहभागिता जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान प्रतिनिधि पंकज गुप्ता, सभासद रामनिवास सैनी, सफाई नायक मोहम्मद हाशिम और मनोज कुमार भी मौजूद रहे।